मैनपुरी , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को जन-सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि संबंधी विवादों का मौके पर जाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा ऐसे मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि मिनजुमला नंबर से जुड़े मामलों में सभी खातेदारों की उपस्थिति में पैमाइश कराकर प्रत्येक व्यक्ति को उसकी भूमि उपलब्ध कराई जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि जनपद में भूमि विवादों के निस्तारण में तेजी आई है और राजस्व व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से बेहतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन अभी भी ग्राम सभा एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे हटाकर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ भू-माफिया के रूप में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और कूड़ा उठान जैसी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रखी जाएं।
जन-सुनवाई के दौरान मंछना निवासी विमलेश पत्नी मेहताब सिंह द्वारा निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने उप जिलाधिकारी भोगांव को तत्काल मौके पर जाकर पैमाइश कराने तथा शिकायतकर्ता को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए और फरियादियों को समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
जन-सुनवाई में आरसीसी गली निर्माण, बिजली समस्या, राशन वितरण, सीसी मार्ग निर्माण और अवैध कब्जा हटाने सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपा गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार तथा विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित