ग्रेटर नोएडा , जून 24 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में भूमि विवाद को लेकर मौके पर पहुंचे एक युवक को उसकी लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लग गयी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पिस्टल और एक कार जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार इकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र में गाटा संख्या-645 स्थित भूमि पर सनोज नामक व्यक्ति विवाद करने के उद्देश्य से पहुंचा था। आरोप है कि वह अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल भी लाया था। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने स्थिति को नियंत्रित करने और पिस्टल उसके कब्जे से लेने का प्रयास किया, तभी अचानक गोली चल गयी और सनोज घायल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि विवादित नहीं है। इस संबंध में पूर्व में दो लेखपालों की संयुक्त रिपोर्ट में भी भूमि को विवादमुक्त बताया गया था। घायल सनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि गोली उसे छूते हुए निकल गयी और वह खतरे से बाहर है।

पुलिस ने सनोज और उसके भाई मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों गाजीपुर निवासी बताए गए हैं। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और एमजी हेक्टर कार भी कब्जे में ले ली गयी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित