अमेठी , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने शनिवार को अमेठी में आयोजित घुमंतू गौरव समागम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि घुमंतू विकास बोर्ड के बाद अब घुमंतू विकास मिशन शुरू किया जाएगा।यह मिशन समाज के लोगों के लिए आधार, आय प्रमाणपत्र आदि जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने में सहायता करेगा।
श्री अरुण ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए घुमंतू विकास बोर्ड के बाद अब घुमंतू विकास मिशन शुरू किया जाएगा। मिशन समाज के लोगों के लिए आधार, आय प्रमाणपत्र आदि जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि घुमंतू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। पहले मुगलों से उसके बाद अंग्रेजों के दमन के खिलाफ हमारे पूर्वजों ने हथियार उठाया।
उन्होंने कहा कि विमुक्त जातियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार की योजनाओं का सीधा लाभ डबल इंजन की सरकार पहुंचा रही है। सरकार समुदाय को भूमि आवंटन और पट्टा वितरण के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के जरिए पक्के मकान दे रही हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट मुख्य अतिथि राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि विमुक्त व घुमंतु समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाना हमारी प्राथमिकता है। बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित कर इन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं की सुरक्षा और स्थायी आजीविका के नए रास्ते खुल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित