अलवर , मई 10 -- केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने राजस्थान में अलवर में रविवार को महिला साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष महिला साइकिल रैली निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ शिरकत की। रैली का आयोजन महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया।
इस अवसर पर श्री यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मातृ शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तीकरण के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं और देश का नाम रौशन कर रही हैं। साइकिल रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महिलाओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर बेटी शिक्षा, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। मातृ दिवस पर आयोजित इस विशेष रैली ने महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संदेश दिया। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित