अलवर , नवम्बर 10 -- राजस्थान में अलवर में पटाखे के बारूद में हुए विस्फोट से झुलसे 12 वर्षीय दिलखुश कुमार के इलाज को लेकर राहत भरी खबर सामने आयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भामाशाहों और पड़ोसियों के आर्थिक सहयोग से दिल्ली पहुंचे दिलखुश को अब सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के सहयोग से बच्चे के इलाज की व्यवस्था करायी गयी है। अस्पताल में चिकित्सकों के विशेष दल बच्चे के उपचार में जुटी हुए हैं। अब पूरे परिवार और मदद करने वाले लोगों की उम्मीदें चिकित्सकों पर टिकी हैं।

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में रहने वाले बिहार मूल के संतोष यादव का 12 वर्षीय बेटा दिलखुश मंगलवार सुबह दिलखुश पटाखे से निकाले गए बारूद के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी दोनों आंखें बुरी तरह झुलस गयी। हादसे के बाद मां कविता देवी उसे राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचीं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर भेज दिया था। बताया गया कि बच्चे की आंखें करीब 90 प्रतिशत तक जल चुकी हैं।

बच्चे की गंभीर हालत और परिवार की आर्थिक मजबूरी की खबर सामने आने के बाद भामाशाहों, पड़ोसियों और आमजन ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए। मां कविता देवी की पीड़ा यह थी कि परिवार के पास बेटे को जयपुर ले जाने तक के पैसे नहीं थे। ऐसे में लोगों ने आर्थिक सहयोग जुटाकर एंबुलेंस की व्यवस्था की और बच्चे को दिल्ली रवाना किया। परिवार के कुछ परिजन और परिचित दिल्ली में रहते हैं, इसलिए जयपुर के बजाय दिल्ली में उपचार कराने का निर्णय लिया गया।

दिलखुश को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार कराने के लिए पहुंचने का आग्रह किया गया। श्री यादव के सहयोग से अस्पताल में उसके इलाज की व्यवस्था करायी गयी और अब बच्चे का उपचार शुरू हो चुका है। चिकित्सकों का दल उसकी आंखों की गंभीर चोटों की जांच और उपचार में कर रहा है। विशेषज्ञों की जांच और उपचार के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसकी आंखों की रोशनी कितनी बचायी जा सकती है और भविष्य में उसकी दृष्टि को लेकर क्या संभावनाएं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित