मथुरा , जून 6 -- मथुरा शहर के भूतेश्वर चौराहा स्थित अखाड़े में शुक्रवार रात हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना के बाद अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई थी और पहलवानों तथा स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित भूतेश्वर अखाड़े में शुक्रवार रात लगभग नौ बजे पहलवान अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम सेही निवासी जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुमार अपने कुछ साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि अखाड़े में पहुंचने के बाद फायरिंग की गई, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले आरोपी और पहलवान करन के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। गोलियों की आवाज सुनते ही अखाड़े में मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी कथित रूप से वाहन छोड़कर हथियार के साथ भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागने के दौरान आरोपी और एक पुलिस अधिकारी के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और हथियार छीनने को लेकर संघर्ष भी हुआ। इसके बाद पुलिस ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार वाहन पर "हाईकोर्ट" लिखा हुआ था। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश भी जारी है।

प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे एक युवती को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए भी संस्तुति भेजी जाएगी।

घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित