नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ओडिशा सरकार के सहयोग से भुवनेश्वर में 23-24 अक्टूबर को 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन और प्रदर्शनी तथा 24-25 अक्टूबर को दूसरे राष्ट्रीय शहरी कॉन्क्लेव का आयोजन करेगा।
राष्ट्रीय शहरी कॉन्क्लेव का विषय 'अर्बन राइजिंग-शहरी प्रणालियों, समाधानों और क्रियान्वयन पर पुनर्विचार' होगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में इसका उद्घाटन करेंगे। नीति आयोग के सीईओ अनुराग जैन और सदस्य राजीव गौबा भी इसमें शामिल होंगे।
यूएमआई सम्मेलन का विषय 'डिजिटल युग में शहरी सुगम्यता और रहने योग्य शहर' है। इसमें टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक बसों, परिवहन के विभिन्न साधनों के एकीकरण, डिजिटल तकनीक और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी पर चर्चा होगी। सम्मेलन में करीब 1,500 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। कॉन्क्लेव में पैदल यात्रियों की सुरक्षा, किफायती आवास, जल एवं कचरा प्रबंधन, शहरी बुनियादी ढांचे और नगर निकायों के प्रशासनिक सुधारों पर भी विचार-विमर्श होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित