नयी दिल्ली , अगस्त 04 -- शिक्षा मंत्रालय पांच से सात अगस्त तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक और तीसरी ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित करेगा।
शिक्षा मंत्रालय ने आज यह जानकरी दी।
मंत्रालय ने कहा कि 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक और तीसरी ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी शामिल होंगे। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान एवं नवाचार, शैक्षणिक योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता (एमआरक्यू) तथा शैक्षणिक नेतृत्व क्षमता निर्माण जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।
मंत्रालय के अनुसार इस बैठक का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करना है। यह मंत्रिस्तरीय बैठक भारत की अध्यक्षता के दौरान आयोजित विभिन्न ब्रिक्स शिक्षा कार्यक्रमों की कड़ी है। इससे पहले 07 और 28 अप्रैल को पहली और दूसरी वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की जा चुकी है। इसके बाद 20-21 जुलाई को ब्रिक्स नेटवर्क यूनिवर्सिटी सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय गवर्निंग बोर्ड की बैठक भी हुई थी। इन बैठकों में विभिन्न प्राथमिकता वाले विषयों पर सहमति बनाने और मंत्रिस्तरीय बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप देने का कार्य किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित