जयपुर , सितंबर 26 -- रेलवे ने भुज एवं बरौनी के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली नयी अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने को मंजूरी दी है और लगभग 2532 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह रेल सेवा गुजरात, राजस्थान, उत्तरप्रदेश तथा बिहार के अनेक महत्वपूर्ण शहरों एवं क्षेत्रों को जोड़ेगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नयी अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से इन राज्यों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होगा तथा लंबी दूरी के रेल संपर्क को और मजबूती मिलेगी। गाड़ी संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से 23:55 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 13:15 बजे भुज पहुंचेगी। भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन सोमवार, बुधवार और शनिवार को तथा बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को किया जायेगा। नयी रेल सेवा के मार्ग में राजस्थान के कोटा, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव उपलब्ध होगा। इससे राजस्थान के यात्रियों को गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के लिए बेहतर रेल संपर्क प्राप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित