मुरैना , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा अनुभाग के ग्राम परसोटा में शनिवार को आयोजित भुजरिया मेले में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान लाइसेंसी और कथित तौर पर गैर लाइसेंसी हथियारों का खुलकर प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतियोगिता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और हथियारों का उपयोग करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
बताया गया है कि रक्षाबंधन के दूसरे दिन ग्राम परसोटा में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार भुजरिया मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित होती है। प्रतियोगिता के दौरान नदी के दूसरे छोर पर मटकी रखी जाती हैं और निशानेबाज बंदूकों से मटकी को निशाना बनाकर फोड़ते हैं। मटकी फोड़ने वाले निशानेबाज को पुरस्कार के रूप में नगद राशि दिए जाने की भी परंपरा बताई गई है।
शनिवार को आयोजित प्रतियोगिता में गांव के युवाओं ने अपनी लाइसेंसी और कथित गैर लाइसेंसी बंदूकों का प्रदर्शन करते हुए निशाना साधा। इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर प्रतियोगिता में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं। पुलिस हथियारों के लाइसेंस और प्रतियोगिता के दौरान उनके इस्तेमाल से संबंधित नियमों की भी जांच कर रही है।
बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा इस तरह के आयोजनों पर पिछले करीब एक दशक से प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद प्रतियोगिता आयोजित होने और हथियारों के प्रदर्शन का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित