सागर , मई 14 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में उपार्जन प्रक्रिया के दौरान भुगतान और परिवहन प्रबंधन में आ रही समस्याओं को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की समीक्षा बैठक लेकर नाराजगी जताई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कलेक्टर ने एसी नोट कम जारी होने और किसानों के भुगतान में हो रही देरी पर कड़ी आपत्ति दर्ज की। उन्होंने निर्देश दिए कि अनाज गोदाम में पहुंचने के 24 घंटे के भीतर डब्ल्यूएचआर (वेयरहाउस रिसीट) और एक्सेप्टेंस नोट तैयार किए जाएं, ताकि किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्टर ने खरीद और भुगतान के बीच के अंतर को तत्काल कम करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उपार्जन केंद्रों से अनाज उठाव में तेजी लाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया। समितियों में लंबित स्टॉक की समीक्षा के दौरान कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पांच गोदाम प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि उपार्जन कार्य शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी लंबित प्रकरण समय सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित