धार , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी तहसील में कुंदा फाटे पर आज शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला मायके से ससुराल लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्राला काल बनकर आया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धानी और दूधी के बीच एबी रोड स्थित राजराजेश्वरी मंदिर के सामने सुबह लगभग 9:30 बजे मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से आ रहे तेज गति ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकानपूरा निवासी देवीसिंह पिता कमल बुंदेला (48) अपनी पत्नी सलीताबाई (40) और बड़ी मम्मी रंगूबाई पति मंगतिया (65) के साथ 20 फरवरी को सलीताबाई के मायके ग्राम पलासिया गए थे। शनिवार सुबह वे मोटरसाइकिल क्रमांक MP 11 ND 0410 से पलासिया से दुकानपूरा लौट रहे थे। कुंदा फाटे के पास पीछे से आ रहे ट्राले ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सलीताबाई ट्राले के पहिए की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना का दृश्य अत्यंत भयावह था। वहीं देवीसिंह और रंगूबाई घायल हो गए।
हादसे के बाद टोल वाहन की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सलीताबाई को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित