बैतूल , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भीषण गर्मी का असर जल स्रोतों पर दिखाई देने लगा है, जहां एक पंचायत तालाब में ऑक्सीजन की कमी के कारण हजारों मछलियों की मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 11 किलोमीटर दूर खेड़ीसावलीगढ़ ग्राम पंचायत के करीब 0.9 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले तालाब में जलस्तर तेजी से घटने और तापमान बढ़ने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। सामान्य वर्षों में इस तालाब में पर्याप्त पानी रहता था, लेकिन इस बार गर्मी के कारण जल की मात्रा और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हुई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय बड़ी संख्या में मछलियां पानी की सतह पर तड़पती और उछलती दिखाई दीं, जो पानी में घुलित ऑक्सीजन की कमी का संकेत है। इसके बाद कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई।
तालाब के ठेकेदार ने बताया कि पानी की कमी लगातार बढ़ रही है, जिससे मछलियों के मरने और घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति को संभालने के लिए टैंकरों से पानी डाला गया तथा तापमान कम करने के प्रयास किए गए, लेकिन इन उपायों का अपेक्षित प्रभाव नहीं पड़ा।
मत्स्य पालन विभाग के अनुसार जलस्तर कम होने और तापमान बढ़ने से पानी में घुलित ऑक्सीजन की मात्रा घट गई, जो मछलियों की मौत का मुख्य कारण है। विभाग ने मृत मछलियों के सुरक्षित निस्तारण और जीवित मछलियों को शीघ्र निकालकर बेचने की सलाह दी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यदि तापमान में जल्द कमी नहीं आई, तो जिले के अन्य जल स्रोतों में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित