शिवपुरी , मई 27 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच पिछले दो दिनों से पानी और दूध का संकट गहरा गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका सूत्रों के अनुसार शिवपुरी शहर को मणिखेड़ा बांध से पानी उपलब्ध कराने वाली मुख्य पाइपलाइन सूखी पड़ी है, क्योंकि जलापूर्ति करने वाली बिजली मोटर एक बार फिर खराब हो गई है। इसके कारण शहर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। मोटर सुधारने का कार्य जारी है।

इधर दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से दूध लाने वाले लोगों ने मंगलवार से हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे शहर में दूध का संकट भी उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए दूध दूरदराज गांवों से बड़ी मुश्किल से लाना पड़ रहा है, क्योंकि हड़ताल के चलते दूध उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोग नलकूपों से पानी भरकर ला रहे हैं, जबकि सक्षम लोग निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी मंगवाने को मजबूर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित