वाराणसी , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने जलकल, जल निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चिलचिलाती गर्मी के दौरान पेयजल की कोई समस्या किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। गांवों एवं शहरों में स्थापित सभी सरकारी हैंडपंप प्रत्येक दशा में चालू अवस्था में रहने चाहिए।
श्री राजभर ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में जलकल, जल निगम एवं विद्युत विभाग के अभियंताओं के साथ पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने क्षेत्रीय अभियंताओं एवं कर्मचारियों के माध्यम से इसकी सतर्क निगरानी करने के निर्देश दिए। कहीं भी कोई हैंडपंप खराब हो या खराब होने की सूचना मिले तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पाइप पेयजल योजनाओं के अंतर्गत लगे सभी नलकूप प्रत्येक दशा में संचालित रहें, ताकि लोगों को पेयजल की कोई समस्या न हो।
उन्होंने जल निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रीय अभियंताओं एवं कर्मचारियों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो। यदि कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त पाई जाए तो उसकी तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे।
मंत्री ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देश देते हुए कहा कि बिना वजह विद्युत कटौती किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। खराब या जले हुए ट्रांसफार्मर की सूचना मिलते ही उसे तुरंत बदला जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत संबंधी किसी भी गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर तत्काल उसे ठीक कराए जाने पर विशेष जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित