पटना , जून 22 -- ाज्य में पड़ रही उमस भरी भीषण गर्मी को देखते हुए 30 जून तक सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों का संचालन सुबह 6.30 से दोपहर 12.30 बजे तक किया जाएगा। शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर ने सोमवार को सभी जिलों के सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है, जिसमें निर्धारित नए टाइम टेबल के अनुसार विद्यालयों का संचालन करने के लिए कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी निदेशक, सभी डीईओ सहित संबंधित अधिकारियों के पास पत्र भेजकर कहा है कि ग्रीष्मकाल में राज्य में पड़ने वाली भीषण गर्मी एवं लू को ध्यान में रखते हुए प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन करने का समय तय किया गया है। इसी समय सारणी के अनुसार उक्त विद्यालयों का संचालन 22 से 30 जून तक किया जाएगा।
हालांकि स्थानीय परिस्थितियों एवं मौसम की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जिला पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार विद्यालय संचालन के समयावधि में संशोधन करने का अधिकार प्रदान किया गया है। सभी जिला पदाधिकारियों को स्कूलों के नियम में बदलाव करके संचालन या इसे बंद रखने का अधिकार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित