पटना , अप्रैल 21 -- गातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए पटना नगर निगम ने सभी अंचलों में सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्याऊ एवं "निगम नीर" की व्यवस्था की है।

इन स्थानों पर राहगीरों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों, दुकानदारों और आम लोगों के लिए नि:शुल्क ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है।

निगम नीर पटना नगर निगम की वाटर ऑन-व्हील सेवा है जिस पर एक वक्त में 200 लीटर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। इनमें नल लगा है जिससे आम जन आसानी से अपने बोतल में पानी भर सकते हैं। साथ ही ये आवश्यकतानुसार इनकी लोकेशन भी बदली जाती है। सरकारी आयोजनों, भीड़-भाड़ वाले जगहों आदि पर आवश्कतानुसार एवं आदेशानुसार व्यवस्था निगम की ओर से की जाती है।

वर्तमान में विकास भवन, जीपीओ गोलंबर, पटना जंक्शन, एवं राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के पास निगम नीर की गाड़ियां मौजूद रहती हैं। साथ ही अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे एनएमसीएच, अगमकुआं, गायघाट, नबाब बहादुर रोड, पश्चिम दरवाजा, सिटी कोर्ट, आलमगंज थाना, जल्ला रोड, बजरंगपुरी, आर्य कुमार रोड, नाला रोड, कदमकुआं, खेतान मार्केट, बारीपथ, अशोक राजपथ, खजांची रोड, जीएम रोड, सब्जीबाग, बाजार समिति, मुसल्लहपुर हाट इ्त्यादी स्थलों पर निगम नीर की गाड़ी घूम-घूमकर आम जन को पेयजल उपलब्ध करा रही है।

पटना नगर निगम की ओर से विभिन्न अंचलों में विभिन्न स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। सभी प्याऊ पर दो बड़े घड़े रखे गए हैं जिनमें एक वक्त में 100-100 लीटर पीने के पानी की व्यवस्था है। इन मटकों की नियमित साफ-सफाई एवं रीफिलिंग नगर निगम की ओर से की जाती है।

इन सभी सुविधाओं का संचालन पटना नगर निगम स्वयं कर रहा है, जिससे आम नागरिकों को स्वच्छ, शीतल एवं सुरक्षित पेयजल सहज रूप से उपलब्ध कराया जा सके। गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए निगम का प्रयास है कि शहर के किसी भी व्यक्ति को पेयजल के अभाव का सामना न करना पड़े।यदि किसी क्षेत्र में पेयजल की समस्या हो या प्याऊ अथवा निगम नीर की व्यवस्था में कोई कमी दिखाई दे, तो नागरिक संबंधित अंचल कार्यालय अथवा टोल फ्री नंबर 155304 एवं व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 पर इसकी सूचना दे सकते हैं, जिससे तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित