भीलवाड़ा , अगस्त 13 -- राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का गुरुवार को जिला स्तरीय समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान में पूर्वाभ्यास किया गया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अभ्यास के दौरान व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का जायजा लिया। पूर्वाभ्यास में ध्वजारोहण, मार्च पास्ट, परेड, सलामी, व्यायाम प्रदर्शन सहित समारोह में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।
जिला स्तरीय समारोह को लेकर पुलिस लाइन क्षेत्र में साफ-सफाई का काम भी किया जा रहा है। बरसात की संभावना को देखते हुए समारोह स्थल को उसी हिसाब से सजाया-संवारा जा रहा है ताकि कोई दिक्कत ना हो। भीलवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस को लेकर होने वाले मुख्य समारोह के साथ ही, विद्यालयों, सरकारी विभागों और संगठनों में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
स्वाधीनता दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा में देशभक्ति और उत्साह का माहौल सिर चढ़कर बोल रहा है। 15 अगस्त के जश्न को यादगार बनाने के लिए शहरवासी पुरजोर तैयारियों में जुटे हैं। इसके चलते भीलवाड़ा के मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक में तिरंगे की दुकानें सज गई हैं और रौनक चरम पर पहुंच चुकी है। बाजारों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की देशभक्ति सामग्री की जमकर बिक्री हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित