भीलवाड़ा , अप्रैल 07 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना के बेलावा गांव के पास मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से छह से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,निजी स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बेलावा गांव के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला और निजी वाहनों एवं एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस का चालक बच्चों को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित