भीलवाड़ा , अगस्त 24 -- सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा है कि निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अलग नहीं हैं। दोनों की विचारधारा एक है और निकाय चुनावों में एक साथ मिलकर निगम में भाजपा का मजबूत बोर्ड बनाएंगे।

श्री अग्रवाल ने राजस्थान में नगर निकाय चुनाव से पहले भीलवाड़ा की सियासी भट्टी में उबल रही 'तीसरे मोर्चे' की खिचड़ी में पानी डाल दिया है। शहर में चल रही राजनीतिक अटकलों और गुटबाजी की सुगबुगाहटों को लेकर श्री अग्रवाल किश्री अग्रवाल ने कहा कि भले ही श्री कोठारी ने निर्दलीय चुनाव जीता हो, लेकिन उनकी वैचारिक जड़ें हमारी ही हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार को उनका खुला समर्थन प्राप्त है। ऐसे में हम निकाय चुनाव में एक-दूसरे के आमने-सामने नहीं, बल्कि कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में उतरेंगे। टिकट वितरण को लेकर उन्होंने साफ किया कि हम आपस में संवाद करके ही निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चुनाव में मौका देंगे।

विदित हो कि हाल ही में विधायक कोठारी के 'कार्यकर्ता स्नेह मिलन' में उमड़े भारी जनसैलाब ने शहर की सियासत में खलबली मचा दी थी। इसे श्री कोठारी के 'शक्ति प्रदर्शन, और निकाय चुनाव में भाजपा के लिए खतरे की घंटी के रूप में देखा जा रहा था।

श्री अग्रवाल ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं था, बल्कि पूरी तरह से एक अनुशासनात्मक कार्यक्रम था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित