भीलवाड़ा , सितंबर 20 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं जिला स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-19 (छात्र-छात्रा) नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को बापू नगर स्थित पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 42 टीमों के 450 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार गग्गड़ मुख्य अतिथि तथा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र सुथार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
आयोजन सचिव सुनीता नानकानी ने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था विद्यालय छात्रावास, स्थानीय विद्यालय तथा राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय (बापू नगर) में की गयी है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले विद्यालय के दोनों खेल मैदानों पर खेले जायेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उद्घाटन के साथ ही मैदान पर मुकाबलों का रोमांच शुरू हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित