भीलवाड़ा , जनवरी 21 -- राजस्थान में जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह शांति भवन में गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भारी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग किया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पहले चित्रकूट धाम (नगर निगम परिसर) में प्रस्तावित था, लेकिन जिले में भारी बारिश की चेतावनी और मौसम के मिजाज को देखते हुए शनिवार शाम जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर आयोजन स्थल में बदलाव किया गया।

यह भव्य समारोह जिला प्रभारी सचिव मंजू राजपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने योग प्रशिक्षकों के मंच से दिये गये निर्देशों का पालन करते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने जिलेवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को नियमित योग करने और स्वच्छता बनाये रखने का संकल्प दिलाया। श्री अग्रवाल ने कहा, " आज हमने दो महत्वपूर्ण शपथ ली हैं, 'एक स्वच्छ भारत के लिए और दूसरी नियमित योग के लिए। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन और विचारों का वास होता है। जब देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहेगा, तभी भारत उन्नति के शिखर पर पहुंचेगा। "जिला नोडल प्रभारी डॉ. जी.एल. शर्मा ने बताया कि मुख्य जिला स्तरीय समारोह के अलावा शहर सात अन्य प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर भी सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित