भीलवाड़ा , जुलाई 13 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर और सुचारू रूप से मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस है।
जिले में पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में सोमवार को पीएचईडी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये गये कि आमजन के लिए पानी, बिजली की सुचारू सुविधा एवं उचित साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
श्री संधू ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में समय पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में जितने भी खराब हैंडपंप और ट्यूबवेल हैं, उनकी मरम्मत का काम तेज किया जाये, ताकि ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधिकारियों को सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज उच्च स्तर की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि खराबी और ट्रिपिंग की समस्याओं को जल्द से जल्द दूर कर आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये।
बैठक में श्री संधू ने नगर निगम को शहर की गुणवत्तापूर्वक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही मानसून की बारिश के कारण जिन भी इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आयी है, उन स्थानों को लेकर उन्होंने नगर निगम को विशेष हिदायत दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित