भीलवाड़ा , अगस्त 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य स्वच्छता के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ गुरुवार को शहर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय दल ने रीको क्षेत्र में स्थित मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स पर दबिश देकर नमकीन का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान करीब 50 लीटर खराब तेल मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
इसी तरह मैसर्स सुखवाल बेकरी, रीको एरिया में जांच के दौरान बिस्किट का नमूना लिया गया। यहां करीब 20 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मिलने पर उसे भी मौके पर ही नष्ट करवाया गया। मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार, मीरा सर्किल से पेड़े का नमूना लिया गया। विभाग ने सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेज दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित