भीलवाड़ा , जून 20 -- राजस्थान में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में कैंसर इकाई की स्थापना के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस नवनिर्मित कैंसर इकाई के सुचारू संचालन के लिए सहायक आचार्य (ऑन्कोलॉजिस्ट) का एक पद सृजित किया गया है। इस पद पर विशेषज्ञ की नियुक्ति होने के बाद, चिकित्सालय में आने वाले मरीजों की संख्या एवं आवश्यकता के आधार पर पीईटी सीटी स्कैन मशीन की स्थापना की भी समीक्षा की जाएगी।
भविष्य में आवश्यकता होने पर निजी क्षेत्र की सहायता से पीईटी सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के कैंसर पीड़ितों को अब बेहतर उपचार के लिए जयपुर, उदयपुर, अहमदाबाद अथवा अन्य बड़े महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही कैंसर इकाई शुरू होने से मरीजों को समय पर उचित परामर्श, कीमोथेरेपी एवं अन्य उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित