भीलवाड़ा , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में पंचायत चुनाव के बाद अधजले और फटे मतपत्र मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाजपुर के बाद अब पांसल ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्कूल के पीछे अधजले मतपत्र मिलने से हड़कंप मच गया। मतपत्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया और मतपत्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच, मतपत्र मिलने का मामला उजागर करने वाले नारायण गाडरी ने पुलिस पर उसकी मां गीता के साथ मारपीट करके घायल करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, घायल महिला को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस नारायण से पूछताछ करने गई थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को पांसल ग्राम पंचायत क्षेत्र के एक स्कूल के पिछवाड़े अधजले और फटे मतपत्र पड़े मिले। नारायण गाडरी ने इन मतपत्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। जहाजपुर के बाद पांसल में भी मतपत्र मिलने से पंचायत चुनाव की प्रक्रिया और मतपत्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे।
नारायण गाडरी का आरोप है कि बुधवार रात कुछ पुलिसकर्मी पांसल ग्राम पंचायत के खोलपुरा क्षेत्र स्थित उसके घर पहुंचे। वह घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद उसकी मां गीता के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। नारायण के अनुसार, उसकी मां ने पुलिसकर्मियों से मिन्नतें भी कीं, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद परिजन घायल गीता को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। नारायण गाडरी ने आरोप लगाया कि अधजले मतपत्र मिलने का मामला सार्वजनिक करने के बाद चुनावी रंजिश के चलते पुलिस उसके घर पहुंची और उसकी मां के साथ मारपीट की। इस आरोप के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
दूसरी ओर, थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पुलिस नारायण गाडरी से पूछताछ करने के लिए उसके घर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने किसी के साथ मारपीट नहीं की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित