भीलवाड़ा , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में मंगलवार शाम अचानक मौसम बदलने से तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ रोड स्थित रीको ग्रोथ सेंटर में अपराह्न करीब तीन बजे तेज हवाओं के साथ तूफान आया और ओलावृष्टि हुई। तूफान की चपेट में आने से कई औद्योगिक इकाइयों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। फैक्ट्रियों के टीनशेड उड़ने, दीवारें क्षतिग्रस्त होने और ऊपर लगे सोलर पैनलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
सन सिटी टेक्सटाइल्स लिमिटेड भी तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। औद्योगिक क्षेत्र की अन्य फैक्ट्रियों में भी नुकसान हुआ है। नुकसान का वास्तविक आकलन विस्तृत निरीक्षण के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद उद्यमियों में चिंता का माहौल है।
शहर के निकट चित्तौड़गढ़ रोड पर मंडपिया स्टेशन और बीएसएल क्षेत्र में तेज बारिश के साथ चने और बेर के आकार के ओले गिरने की जानकारी मिली है। यहां अचानक बारिश शुरू हुई, जो करीब 10 मिनट तक चली। इस दौरान बड़े आकार के ओले भी गिरे। इससे आसपास की फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
हमीरगढ़ क्षेत्र की बिलिया कलां ग्राम पंचायत में ओलावृष्टि और भारी बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, खेतों में खड़ी फसलों के साथ काटकर रखी गई फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कराकर फसल खराबे का आकलन करने की जरूरत जताई है। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित