भीलवाड़ा , मार्च 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने 10 से अधिक घरों को निशाना बनाते हुए भारी पथराव किया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपालपुरा में खेड़ा खूंट माताजी मंदिर के पास अचानक छतों और टीन की चादरों पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने की आवाजें आने लगीं। जो लोग छत पर थे वे डरकर नीचे आ गये। पथराव से घरों की छतों और पास ही स्थित एक कारखाने की टीन की चद्दरों को भी नुकसान पहुंचा है।
सूत्रों ने बताया कि आवाज सुनकर जब मोहल्ले के लोग बाहर जमा हुए और बदमाशों की तलाश शुरू की, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद से ही स्थानीय निवासियों में असुरक्षा और डर का माहौल व्याप्त है। पीड़ितों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किस नीयत से किया गया, लेकिन इससे जान-माल का बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित