भीलवाड़ा , अप्रैल 05 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा का आगाज रविवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ हुआ।

नकल रोकने के लिए प्रशासन इस कदर मुस्तैद दिखा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर नजारा किसी सैन्य छावनी जैसा नजर आया। भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले 'कठिन' तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र के द्वार पर ही अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों की शर्ट उतरवा ली गई, तो कहीं जींस में लगे धातु के बटन को कैंची से काटा गया। इतना ही नहीं, जिन अभ्यर्थियों की शर्ट की आस्तीन लंबी थी, उन्हें भी काटकर छोटा कर दिया गया। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे, गले के धागे और गहने भी केंद्र के बाहर ही उतरवा लिए गए।

परीक्षा केंद्र पर प्रवेश का समय सुबह 10 बजे तक निर्धारित था। ठीक 10 बजते ही केंद्रों के चैनल गेट पर ताले लटक गए। भीलवाड़ा में तीन अभ्यर्थी महज कुछ मिनट की देरी से पहुंचे, जिन्हें लाख मिन्नतें करने के बाद भी प्रवेश नहीं दिया गया। भविष्य की उम्मीद लेकर दौड़ते हुए आए इन युवाओं को मायूस होकर बाहर से ही लौटना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित