भीलवाड़ा , जुलाई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (एमसीएच) में प्रसूता की मौत को लेकर परिजनों ने थाने में शिकायत की है।

मृतका के परिजनों ने बुधवार को भीमगंज थाने में लिखित में शिकायत करके अस्पताल के मेडिकल स्टाफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

परिजनों की ओर से दी गयी शिकायत के अनुसार, पोटला निवासी संगीता पत्नी जितेन्द्र कुमार जीनगर को नौ जुलाई को प्रसव के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि भर्ती के बाद पूरे दिन तक प्रसूता की समुचित देखभाल नहीं की गयी और परिजन इधर-उधर भटकते रहे। शिकायत में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद शाम को ऑपरेशन किया गया।

आरोप लगाया गया है कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत भी लगातार बिगड़ती गयी। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक रक्तस्राव होने के बावजूद समय पर प्रभावी उपचार नहीं मिला। बाद में बच्चेदानी निकालने का निर्णय लिया गया, लेकिन इसके बावजूद प्रसूता की जान नहीं बच सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित