भीलवाड़ा , सितम्बर 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में चुनावी रंजिश को लेकर पूर्व पार्षद कैलाश चंद्र शर्मा के घर बदमाशों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के शास्त्रीनगर क्षेत्र स्थित सूर्यमहल के पीछे बसे कीर्तिनगर (नीलकंठ कॉलोनी) में शनिवार देर रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने श्री शर्मा के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर पथराव और तोड़फोड़ की। हमले में श्री शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये।
हमले की मुख्य वजह हाल ही में संपन्न हुए नगर निगम चुनाव की आपसी रंजिश बताई जा रही है, जिसमें श्री शर्मा की पत्नी ने चुनाव लड़ा था। इस वारदात से गुस्साए परिजनों और सैकड़ों समर्थकों ने आधी रात को भीलवाड़ा के कोतवाली पुलिस थाने का घेराव करके जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात जब श्री शर्मा घर पर थे, तभी हथियारबंद और उपद्रवी तत्व आ धमके और पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों और हमलों के सीधे लगने से कैलाश शर्मा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुए पथराव और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों और परिजनों ने बिना समय गंवाए घायल पूर्व पार्षद को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल और थाने पर जुटे आक्रोशित समर्थकों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित