भीलवाड़ा , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में पंचायतीराज चुनाव-2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक चलेगा।
भीलवाड़ा जिले की नौ पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिले में एक हजार 110 मतदान केंद्रों पर कुल आठ लाख 91 हजार 353 मतदाता मतदान करेंगे।
मतगणना 20 नवंबर को होगी। सरपंच और वार्ड पंच के लिए 24 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है।
भीलवाड़ा जिले की 16 पंचायत समितियों में चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। दोनों चरणों में कुल 14 लाख 37 हजार 322 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पहले चरण में सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर गतिविधियां देखने को मिलीं।
पंचायत चुनाव के दौरान दो बुजुर्ग मित्र साथ-साथ मतदान करने पहुंचे। दोनों ने मतदान करके ग्रामीण लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई। वहीं, पालड़ी पंचायत में सीता नाम की महिला दिल्ली से मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह मतदान के लिए हर बार आती हैं। उनका यह कदम मतदान के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश देता है।
पालड़ी पंचायत के मतदान केंद्र पर कई महिलाएं घूंघट में पहुंचीं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। ग्रामीण परिवेश की परंपराओं के बीच महिलाओं की मतदान में भागीदारी चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पहलू बनी रही।
चुनावी माहौल के बीच पालड़ी के भैरव मोहल्ले में पेयजल संकट का मुद्दा भी सामने आया। स्थानीय निवासी राधा और सीता के अनुसार, उनके मोहल्ले में नलों से नियमित पानी नहीं आता। ऐसे में उन्हें पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में गंदा पानी जमा रहता है और कई बार घरों में भी घुस जाता है। उनका कहना है कि समस्या लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित