भीलवाड़ा , सितम्बर 19 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में निकाय चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।

भीलवाड़ा जिला कांग्रेस समिति कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य मनोज पालीवाल नेप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की 'सद्बुद्धि' के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने यज्ञ किया। यज्ञ में कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर प्रदेश नेतृत्व को सद्बुद्धि मिलने की कामना की।

श्री पालीवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व भीलवाड़ा महापौर चुनाव के लिए 17 कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न तक उपलब्ध नहीं करा सका। उन्होंने इसे पार्टी के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही मैदान छोड़ देना कांग्रेस के लिए बड़ी चूक साबित हुई।

उन्होंने कहा कि डोटासरा और प्रभारी 17 कांग्रेस प्रत्याशियों को चिह्न नहीं दिला सके, जिसका खामियाजा पार्टी को चुनाव परिणामों में भुगतना पड़ा। श्री पालीवाल के मुताबिक प्रदेश नेतृत्व की इस कथित लापरवाही से भीलवाड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा है।

श्री पालीवाल ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व इसी तरह काम करता रहा, तो आगामी पंचायती राज चुनावों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के निष्ठावान प्रत्याशी चुनाव लड़ने से रह गए और संगठन को इसका बड़ा नुकसान हुआ। भीलवाड़ा नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निर्विरोध महापौर चुने जाने को लेकर भी श्री पालीवाल ने प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व को सद्बुद्धि मिले, इसी उद्देश्य से यज्ञ किया गया है। साथ ही उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं के हित में गंभीरता से काम करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित