भीलवाड़ा , सितम्बर 03 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगरीय निकाय चुनाव में नाम वापसी के आखिरी दिन वार्ड नंबर 49 में नामांकन को लेकर विवाद हो गया।

सूत्रों के अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी रोहित के समर्थक भीमगंज थाने पहुंचे और उन्होंने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि एक पार्टी के प्रत्याशी ने रोहित को नामांकन वापस लेने पर कथित तौर पर एक लाख रुपये देने की पेशकश की है। वह एक लाख रुपये की गड्डी भी अपने साथ लाये थे जो कथित रूप से श्री रोहित को दिये गये थे।

श्री रोहित के समर्थकों ने आरोप लगाया है कि एक पार्टी के प्रत्याशी और उनके कुछ समर्थक रोहित के घर पहुंचे थे। इस दौरान रोहित से नामांकन वापस लेने को लेकर बातचीत हुई और उन पर नामांकन वापस लेने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया गया। रोहित द्वारा नामांकन वापस लेने से इन्कार करने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

निर्दलीय प्रत्याशी रोहित के समर्थकों का दावा है कि उनके घर पर नोटों के बंडल रखे हुए मिले। समर्थकों ने आशंका जताई कि यह उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। इसी कथित बंडल को लेकर वे थाने पहुंचे और पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित