भीलवाड़ा , अप्रैल 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा गुरुवार को कार्रवाई की गई।
नगर परिषद के सूत्राें ने बताया कि सुबह भीमगंज थाने के ठीक बाहर और आसपास के क्षेत्र में नाली पर अवैध रूप से किए गए निर्माणों और खड़े होने वाले ठेलों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद और पुलिस के संयुक्त दल ने सख्ती दिखाते हुए नाली के ऊपर किए गए पक्के और कच्चे अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
सू्त्रों ने बताया कि लंबे समय से यहां ठेलों के जमावड़े के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, साथ ही नाली जाम होने की शिकायतें भी मिल रही थीं। टीम ने मौके से कई ठेलों को जब्त किया और दुकानदारों को दोबारा सड़क सीमा में सामान न रखने की कड़ी हिदायत दी। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित