भीलवाड़ा , जून 23 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में नगर निगम के अग्नि और अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मंगलवार को एक कोचिंग सेंटर और एक रेस्टोरेंट की अचानक जांच कर उन्हें सीज कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रभारी संजय खोखर ने भारी जाब्ते के साथ बडला चौराहा पर संचालित 'राजस्थान कोचिंग सेंटर' की औचक जांच की। वहां अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम नहीं देखे गये। उचित साधन और अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) न मिलने पर दल ने सख्त रुख अपनाते हुए कोचिंग सेंटर को मौके पर ही सीज करके ताला ठोक दिया।

इसके बाद निगम का दस्ता सीधे 'सांवरिया रेस्टोरेंट' पहुंचा। यहां भी आग बुझाने के पर्याप्त प्रबंध नहीं मिलने पर इस रेस्टोरेंट को भी तुरंत सीज कर दिया गया। निगम की इस अचानक हुई तीखी कार्रवाई से बिना एनओसी और बिना सुरक्षा प्रमाण पत्र वाले अन्य कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, निजी अस्पतालों और रसूखदार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के पसीने छूट गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित