भीलवाड़ा , अगस्त 12 -- राजस्थान में भालवाड़ा में मानसून की पहली तेज बारिश ने ही शहर की जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिये।

बुधवार सुबह बारिश के बाद शहर की कई सड़कें पानी से लबालब नजर आयीं, वहीं अंडरब्रिज में जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया। चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में अंडरब्रिज में पानी भरने के बाद हालात ऐसे बने कि कुछ लोग रेलवे पटरी पार करने का जोखिम उठाते दिखाई दिये। यह स्थिति किसी बड़े हादसे का इंतजार करती नजर आयी।

चंद्रशेखर आजाद नगर के अंडरब्रिज में पानी भर जाने से पैदल यात्रियों और दुपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता मुश्किल हो गया। रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों के सामने लंबा रास्ता तय करके घूमकर जाने या जोखिम उठाने की स्थिति बन गयी। कुछ लोग पानी भरे रास्ते के किनारे बनी संकरी जगह से निकलते और रेलवे ट्रैक की ओर जाते नजर आये। बारिश के कारण फिसलन और दृश्यता कम होने से जोखिम और बढ़ जाता है। ऐसे में जरा सी लापरवाही किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

जलभराव की समस्या केवल अंडरब्रिज तक सीमित नहीं रही। रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में भी मामूली बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया। बुधवार को बारिश के बाद यहां सड़क तालाब में तब्दील नजर आयी। इससे पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन हर बार बारिश के बाद अंडरब्रिज और प्रमुख सड़कों का जलमग्न हो जाना जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकालने के लिए पर्याप्त क्षमता वाले पंप और अन्य संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं। भीलवाड़ा में अंडरब्रिज में जलभराव कोई नयी समस्या नहीं है। तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भरने की स्थिति सामने आती रही है। पानी की निकासी में देरी के कारण रास्ते लंबे समय तक प्रभावित रहते हैं और यातायात व्यवस्था भी चरमरा जाती है। चिंताजनक बात यह है कि रास्ता बंद होने पर कुछ लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरी पार करने लगते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित