भीलवाड़ा , अप्रैल 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बड़लियास क्षेत्र में मंगलवार को आग लगने की तीन अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच भड़की आग ने खेतों की बाड़ों और पशुओं के चारे (खाखला) को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग और ग्रामीणों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस सूत्रों ने भवानीपुरा निवासी रामेश्वर के खेत पर बनी एक झोपड़ी में भारी मात्रा में चारा भरा हुआ था। दोपहर में अज्ञात कारणों से इसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर माण्डलगढ़ से दमकल पहुंची और स्थानीय टैंकरों की मदद से ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक चारा और झोपड़ी जलकर राख हो चुके थे।

आग की दूसरी और तीसरी घटना चौधरिया एवं धाकड़ों का खेड़ा गांवों में हुई, जहां खेतों की बाड़ में अचानक आग लग गई। धाकड़ों का खेड़ा में आग इतनी तेजी से फैली कि वह पास ही स्थित सरकारी स्कूल के परिसर तक जा पहुंची। इससे स्कूल में लगे पेड़-पौधे जल गए। आग की लपटें देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित