जयपुर , जुलाई 11 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल मेंमात्र छह दिनों में पांच प्रसूताओं की मृत्यु को हृदयविदारक एवं बेहद चिंताजनक बताते हुए सवाल किया है कि 'क्या राजस्थान को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है।'श्री गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि भीलवाड़ा अस्पताल में मात्र छह दिन में पांच प्रसूताओं की मृत्यु और बांसवाड़ामें भी हुई मौतें हृदयविदारक एवं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बावजूद लगातार सीजेरियन ऑपरेशन करते रहना और 30-40 ऑपरेशनों के बीच महज पांच सर्जिकल सेट होना सीधे तौर पर घोर लापरवाही और बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कोटा और बीकानेर, जोधपुर के बाद अब भीलवाड़ा की यह स्थिति विचलित करने वाली है। क्या राजस्थान को भाजपा सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है, जो एक के बाद एक ऐसी घटनाएं जैसे सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि सरकार का इस सबसे कोई मतलब नहीं है।

श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान के अलग-अलग अस्पतालों में बनी ऐसी स्थिति के सही मूल्यांकन एवं निदान के लिए केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को विशेषज्ञों की टीम भेजकर जांच करवानी चाहिए जिससे प्रसूताओं की जान बचायी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित