भीलवाड़ा , मई 26 -- अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बच्चू सिंह बसेला ने कहा है कि भीलवाड़ा गुर्जर बाहुल्य क्षेत्र है और अगले लोकसभा चुनाव में गुर्जर समाज के व्यक्ति को उम्मीदवार नहीं बनाया गया तो राजनीतिक दलों को सबक सिखाया जायेगा।

राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम परिसर में आयोजित गुर्जर समाज के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री बसेला ने कहा कि देश की राजनीतिक पार्टियां गुर्जर समाज को उचित महत्व नहीं दे रही हैं। अब समय आ गया है कि समाज अपने हक के लिए आवाज उठाए। उन्होंने भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से समाज के व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की पुरजोर मांग रखते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो समाज एकजुट होकर सबक सिखाएगा।

श्री बसेला ने कहा कि अब हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश में गुर्जर समाज एकजुट हो रहा है और आने वाले समय में समाज के चौमुखी विकास के लिए सभी मिलकर कदम बढ़ाएंगे। मांडल देवनारायण मंदिर मामले को लेकर उन्होंने कहा कि अब यह मामला सिर्फ भीलवाड़ा ही नहीं, बल्कि राज्य और देश स्तर तक पहुंच चुका है और आने वाले समय में जल्द ही इस पर बड़ा फैसला होगा।

कार्यक्रम में मौजूद गुजरात के पूर्व गृह मंत्री गोवर्धन भाई ने सामाजिक सुधारों पर बल देते हुए कहा कि समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए बड़े-बुजुर्गों को पहल करनी होगी। उन्होंने चेतावनी के तौर पर कहा कि समाज में पैर पसार चुकी अफीम और शराब जैसी घातक बुराइयों को जड़ से मिटाने के लिए वरिष्ठ जनों को आगे आना होगा। इसके साथ ही उन्होंने समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने कार्यक्रम में समाज का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें अब देश भर में समाज की सेवा करने का जो बड़ा मौका मिला है, उसे वह पूरी बखूबी और ईमानदारी से निभाएंगे। मांडल के देवनारायण मंदिर के विषय पर बोलते हुए विधायक भड़ाना ने कहा कि इसके आंदोलन के लिए रणनीति तैयार हो चुकी है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

इस दौरान गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद धाबाई ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सभी को एकजुट कर प्रगति की दिशा में निरंतर कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने भी समाज की उन्नति के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि अब गुर्जर समाज में शिक्षा की बेहद जरूरत है और शिक्षित समाज ही आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही टिकट की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से अगर किसी योग्य उम्मीदवार को टिकट दिया जाता है, तो इससे पार्टी को भी चुनाव में कोई परेशानी नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित