भीलवाड़ा , मई 24 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक कार से 311 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि रात में पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ सीमा के नजदीक आरोली के पास एक कार संदिग्ध और लावारिस हालत में सड़क किनारे खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस बिना वक्त गंवायें मौके पर पहुंच गयी। वहां एक कार खड़ी थी, जिसका टायर फट चुका था।
पुलिस ने जब लावारिस कार की तलाशी ली तो उसमें देशी पिस्तौल और थैलों में अवैध डोडा-चूरा भरा हुआ था। पुलिस ने कार से सारे कट्टे निकलवाकर उनका वजन करवाया, तो कुल 311 किलोग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।
शुरुआती जांच में पता चला कि यह कार चित्तौड़गढ़ के बेगूं क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा-चूरा लेकर कोटा की तरफ आपूर्ति करने जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित