भीलवाड़ा , जून 08 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में संतोषपुरा मार्ग पर सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने सनसनी फैल गयी।

मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से अंदेशा जताया जा रहा है कि उसके साथ गंभीर मारपीट की गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि संतोषपुरा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पीछे एक युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी शिनाख्त हितेश के रूप में हुई है। हितेश मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी था। मृतक हितेश के साथ उसके ही गांव से अंकित पटेल नाम का एक अन्य युवक भी काम करने के लिए यहां आया था, जो वारदात के बाद से ही फरार है।

पुलिस ने बताया कि संभवत: किसी बात को लेकर अंकित और हितेश के बीच विवाद हुआ होगा। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि अंकित ने हितेश के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी और वह शव को पेट्रोल पंप के पीछे फेंककर भाग निकला। पुलिस अंकित पटेल की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित