भीलवाड़ा , मार्च 19 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम ने अब बकाया नगरीय विकास कर (यूडी) वसूली को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है और बार-बार नोटिस के बावजूद चक्कर लगवाने वाले कर बकायेदारों के खिलाफ अब सीधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने अजमेर रोड स्थित 'यश मोटर्स' द्वारा लंबे समय से बकाया यूडी कर जमा नहीं कराने पर शोरूम को सीज करने के आदेश जारी किए। आदेश मिलते ही गुरुवार को निगम का दल मौके पर पहुंचा और शोरूम को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही शोरूम को सीज करने की कार्रवाई शुरू हुई, वहां हड़कंप मच गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कंपनी के प्रबंधक तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में बकाया राशि तीन लाख 16 हजार 129 रुपये का कर चेक के माध्यम से मौके पर ही जमा कराया गया। कर जमा होने की पुष्टि के बाद ही निगम के दल ने सीजिंग की कार्रवाई रोकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित