भीलवाड़ा , फरवरी 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन से 57 किलो डोडा पोस्त बरामद किया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की नारकोटिक्स टास्क फोर्स को गुरुवार को एक कार में डोडा-चूरा तस्करी की सूचना मिली थी। दल ने पीछा शुरू किया और तस्करों के बनेड़ा थाना क्षेत्र में होने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। बनेड़ा पुलिस ने डाबला क्षेत्र से घेराबंदी शुरू की और करीब 12 किलोमीटर तक तस्करों का पीछा किया।पुलिस काे देखकर घबराए तस्करों ने अपनी गाड़ी घरटा गांव में मोड़ दी। संकरी गली में एक कार और बाइक खड़ी होने के कारण रास्ता बंद था, लेकिन तस्करों ने उन्हें अपनी कार से जोरदार टक्कर मारी और क्षतिग्रस्त करते हुए बाहर निकल गए। इस दौरान गाड़ी के टायर फट गए। टायर फटने के कारण गाड़ी आगे नहीं चल सकी, जिसे तस्कर गांव के बाहर कच्चे रास्ते पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें चार कट्टों में भरा 57 किलो 120 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित