भीलवाड़ा , सितम्बर 14 -- भीलवाड़ा जिले के निकाय चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। 10 नगर पालिकाओं के सामने आए परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अधिकतर निकायों में स्थिति अपने पक्ष में कर ली है। हालांकि कई नगर पालिकाओं में भाजपा अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से पीछे है, लेकिन निर्दलीयों की संख्या ने भाजपा के लिए बोर्ड बनाने की संभावनाओं को मजबूत कर दिया है।

दूसरी ओर कांग्रेस ने गंगापुर और शाहपुरा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। जबकि बनेड़ा में भाजपा और कांग्रेस के बीच महज एक सीट का फासला है। हमीरगढ़ सहित कुछ निकायों में अब निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक रहने वाली है।

10 निकायों में कुल 255 वार्डों में भाजपा ने 111, कांग्रेस ने 92, निर्दलीय 51 और आरएलपी एक सीट पर विजयी हुई है।

पूरे जिले के 255 वार्डों में भाजपा 111 सीटों के साथ सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी है। कांग्रेस 92 सीटों पर है, जबकि 51 निर्दलीय पार्षदों की मौजूदगी ने सत्ता की चाबी कई जगह उनके हाथ में पहुंचा दी है।

भाजपा ने 10 में से किसी भी निकाय में हर जगह अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं किया है लेकिन ज्यादातर निकायों में वह सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है।

आसींद में भाजपा 12 सीटों के साथ सबसे आगे है। बनेड़ा में भाजपा 10 और कांग्रेस नौ पर आगे है। बीगोद में भाजपा 12, बिजौलिया में 12, गुलाबपुरा में 14, हमीरगढ़ में आठ और जहाजपुर में 15 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। मांडलगढ़ में भी भाजपा ने 11 सीटें जीतकर बढ़त बनाई है।

इस लिहाज से भाजपा के सामने कई नगर पालिकाओं में बोर्ड बनाने का रास्ता खुला है लेकिन वहां निर्दलीयों का समर्थन हासिल करना महत्वपूर्ण होगा।

उधर भाजपा की जिले में मजबूत स्थिति के बीच कांग्रेस ने दो नगर पालिकाओं में जोरदार पलटवार किया है। गंगापुर के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। भाजपा को नौ और निर्दलीयों को दो सीटें मिलीं। यह कांग्रेस के लिए जिले के निकाय चुनाव में सबसे मजबूत प्रदर्शनों में से एक रहा।

शाहपुरा में तो कांग्रेस ने और भी शानदार प्रदर्शन किया। 35 वार्डों में कांग्रेस ने 22 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा महज आठ सीटों पर रह गई, जबकि पांच निर्दलीय विजयी हुए।

शाहपुरा का परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि यहां कांग्रेस ने भाजपा से काफी बड़ी बढ़त बना ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित