भीलवाड़ा , जून 05 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ ओर बिजौलिया उपखंड क्षेत्र में गुरुवार देर रात मौसम तेज अंधड़, धूलभरी हवाओं और मूसलाधार बारिश से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने और बिजली के तार टूटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जाबदा गांव में देवीलाल रैगर (45) गुरुवार रात करीब नौ बजे अपने घर के बरामदे में मटके से पानी पीने के लिए उठा था कि उसी दौरान हवा के तेज वेग के कारण पास ही स्थित गायों के बाड़े की लोहे की चद्दर उखड़कर सीधे देवीलाल के गले पर जा लगी। चद्दर का नुकीला हिस्सा लगने से गला कट गया और अत्यधिक खून बहने लगा। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल बिजोलिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तूफान का असर क्षेत्र में अन्य जगहों पर भी देखने को मिला। तेजाजी चौक पर एक फल विक्रेता छोगा लाल लुहार अपनी ही दुकान का लोहे का दरवाजा सिर पर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मालीपुरा पुलिया के पास एक विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया।
इसके अलावा केसरगंज, शक्करगढ़ चौराहा, कांग्रेस कार्यालय के पास और तेजाजी का चौक सहित कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गये और उड़कर आये टीन-छप्पर सड़कों पर बिखर गये। आंधी का कहर पशुधन पर भी टूटा, जहां धनवाड़ा गांव में रंगलाल बंजारा की एक भैंस की उड़कर आई लोहे की चद्दर की चपेट में आने से मौत हो गयी।
हमीरगढ़ क्षेत्र में भी देर रात अचानक बदले मौसम, तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। रामदेवरा मार्ग पर 11 केवी उच्च क्षमता वाली विद्युत लाइन का एक पोल भरभरा कर गिर गया, जिससे मुख्य लाइन टूट गयी और पूरी विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। इस हादसे के चलते क्षेत्र के कई मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में पिछले करीब 10 घंटे से बिजली पूरी तरह गुल है, जिसके कारण भीषण गर्मी में आमजन को भारी असुविधा और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित