भीलवाडा , जुलाई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के एक व्यापारी का दुबई में अपहरण करके बंधक बनाने, बेरहमी से मारपीट करने और करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश रचने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।
पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए दो और मुख्य आरोपियों को धरदबोचा है। इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना एवं भीलवाड़ा का पूर्व पार्षद फजले रऊफ उर्फ लुत्फी अब भी दुबई में बैठकर पुलिस को छका रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिये गये हैं।
सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार बिश्नोई ने बुधवार को बताया कि भीलवाड़ा निवासी व्यापारी मुकेश टेलर पिछले 20 वर्षों से दुबई में अपना बड़ा कारोबार चला रहे हैं। आरोप है कि पूर्व पार्षद फजले रऊफ ने साजिश के तहत मुकेश को दुबई में अपने फ्लैट पर बुलाया। वहां उन्हें बंधक बनाकर उनके साथ जमकर मारपीट की गयी। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर व्यापारी पर दबाव बनाया और एमिरेट्स एनबीडी बैंक के एक लाख 70 हजार 220 दिरहम के चार चेक जबरन छीन लिये। जब व्यापारी दुबई में बदमाशों के कब्जे में था, तब इस गिरोह के भीलवाड़ा में सक्रिय गुर्गों ने यहां पीड़ित की पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और डरा-धमकाकर 40 लाख रुपये का एक चेक ऐंठ लिया।
पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय रंगदारी मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व में योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार किया था। अब कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने दुबई में व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोपी मोइन खान और व्यापारी को बंधक बनाने की साजिश में सहयोग करने वाले बदनोर निवासी वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित