बैतूल , अक्टूबर 15 -- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड मुख्यालय पर 16 अक्टूबर को जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर निराकरण करने के साथ शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान सात अगस्त 2026 से शुरू होकर आठ जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत जिले के चयनित क्लस्टरों और नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य जनसंवाद, क्षेत्र भ्रमण और निरीक्षण के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा लोक सेवाओं की समय-सीमा में उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे से जिला और विकासखंड स्तर के अधिकारी भीमपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान नागरिकों से संवाद कर आवेदन लिए जाएंगे और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया जाएगा। दोपहर ढाई बजे से भीमपुर क्लस्टर मुख्यालय पर मुख्य जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्राप्त आवेदनों की जांच कर यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित