नैनीताल , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड के भीमताल के मेहरा गांव में रिटनिंग वॉल के निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नैनीताल पुलिस के मीडिया सेल ने शुक्रवार को इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को 112 के जरिए सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल बनाते समय मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। भीमताल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेन्द्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। उपनिरीक्षक अरविंद, उपनिरीक्षक सुशीला, अपर उपनिरीक्षक गणेश राणा और अपर महिला उपनिरीक्षक अंजुला जॉन भी टीम में शामिल रहे।

बताया जा रहा है कि मृतक अन्य श्रमिकों और ठेकेदार के साथ निर्माण कार्य में लगे थे। दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिर गया। घटना दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित