पौड़ी , अक्टूबर 16 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। साइबर जागरूकता माह के तहत पुलिस अब स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता स्टॉल लगाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर शुक्रवार को संचालित इस अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से जागरूकता स्टॉल लगाए। यहां पुलिसकर्मी आमजन से सीधे संवाद कर ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं।
पुलिस टीम लोगों को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क कर रही है। जागरूकता स्टॉल के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और लालच भरे निवेश प्रस्तावों पर भरोसा करने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित